लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण, पुलिस ने शुरू की जांच; स्थानीय लोग लंबे समय से स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाने की मांग कर रहे
पीसांगन, अजमेर। ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन थाना क्षेत्र से गुजर रहे रास-मांगलियावास स्टेट हाईवे पर पीलपाया मोड़ के पास सड़क हादसे में पाबूथान निवासी लोकेश मंडावा घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार लोकेश अपने गांव पाबूथान से रास की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीलपाया मोड़ के पास अचानक हादसा हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को संभाला।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी घायल के परिजनों को दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से लोकेश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किस वजह से हुई, इसे लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है।
हादसों को लेकर संवेदनशील है पीलपाया मोड़
स्थानीय लोगों के अनुसार स्टेट हाईवे पर स्थित पीलपाया मोड़ हादसों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि मोड़ पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर और पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए जाने चाहिए।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।


















































