लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
6 घरों की बिजली काटकर विभाग ने की इतिश्री, फ्रिज-टीवी समेत कई उपकरण जले
पीसांगन, अजमेर। पीसांगन उपखंड क्षेत्र के भड़सुरी गांव में पिछले दो दिनों से हाईवोल्टेज करंट की समस्या ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई घरों में सामान्य 220 वोल्ट की जगह हाईवोल्टेज सप्लाई पहुंच रही है। इससे बिजली के मीटर और घरेलू उपकरणों के जलने की घटनाएं सामने आई हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, भड़सुरी में आईटी केंद्र के आसपास करीब 15 से 20 घरों में अब भी हाईवोल्टेज करंट दौड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग फ्रिज, टीवी, पंखे और अन्य बिजली उपकरण चलाने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है।
छह घरों की बिजली काटने के बाद भी समस्या बरकरार
ग्रामीणों का आरोप है कि दो दिन पहले बिजली विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों ने हाईवोल्टेज की शिकायत के बाद केवल छह घरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि छह घरों की बिजली काटने से खतरा खत्म नहीं हुआ। आसपास के अन्य घरों में आज भी हाईवोल्टेज सप्लाई पहुंच रही है। ऐसे में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
कई घरों के उपकरण खराब
हाईवोल्टेज के कारण कई उपभोक्ताओं के घरों में लगे बिजली के उपकरण खराब हो चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार फ्रिज, टीवी, पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को नुकसान पहुंचा है। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
सरपंच प्रतिनिधि बलदेव गुर्जर ने बताया कि आईटी केंद्र के आसपास रहने वाले परिवार पिछले दो दिनों से परेशानी झेल रहे हैं। उन्होंने बिजली विभाग और प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तकनीकी जांच कराने तथा सुरक्षित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
इन परिवारों पर पड़ा असर
सरपंच प्रतिनिधि के अनुसार भड़सुरी निवासी मोहनलाल, सुवालाल, महेंद्र कुमार, भंवरलाल, रामकरण, गणेश, प्रभुलाल, मांगूराम, राजू, रंगलाल, कालूराम, रघुनाथ, रामसुख, भैरूलाल, रामूराम, हनुमान, तेजाराम, पुखराज, कैलाश और श्रवणलाल के परिवार इस समस्या से प्रभावित बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हाईवोल्टेज के बीच घरों में रहना जोखिम भरा हो सकता है। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों की मांग—तुरंत हो जांच
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से लाइन और सप्लाई सिस्टम की तत्काल जांच कराने, खराबी को दूर करने और प्रभावित घरों में सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल ग्रामीणों की नजर बिजली विभाग की कार्रवाई पर है। उनका कहना है कि महज कुछ घरों की बिजली काटने के बजाय हाईवोल्टेज की वास्तविक वजह तलाशकर उसका स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।




















































