लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) पंकज यादव ने शनिवार को पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की तथा प्रभावी पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में एसपी पंकज यादव ने कहा कि उन्होंने अभी-अभी कार्यभार संभाला है और उनकी पहली प्राथमिकता साइबर फ्रॉड, एनडीपीएस एक्ट से जुड़े अपराधों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना रहेगी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी और लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और एनडीपीएस से जुड़े अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उसे पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई करेगी।
एसपी यादव ने बताया कि क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों और नशे से जुड़े ठिकानों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि किन कारणों से अवैध फैक्ट्रियां या अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित हो रही हैं, ताकि अपराध के मूल कारणों को समाप्त कर स्थायी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जोधपुर ग्रामीण पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कानून का राज कायम रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।



















































