लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर । (प्रदीप कुमार डागा)
श्री महर्षि जनार्दन गिरि पुष्टिकर माध्यमिक विद्यालय, रामबाग, माही दरवाजा में सोमवार प्रातः कौशल विकास एवं अभिरुचि शिविर 2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनीष बंसल ने माँ सरस्वती, जनार्दन गिरि जी एवं ओम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकेश कोठारी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में दिनेश सोनी उपस्थित रहे।
बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर
विद्यालय के प्रधानाध्यापक महेंद्र सिंह चारण ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनकी प्रतिभा और रुचियों को निखारना है।
उन्होंने कहा कि शिविर में रचनात्मक, शैक्षणिक और कौशल आधारित गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास और सृजनात्मकता का विकास होगा।
योग और रचनात्मक गतिविधियों से शुरुआत
शिविर के पहले दिन की शुरुआत योग एवं व्यायाम सत्र से हुई, जिसमें अश्विनी सिखवाल ने बच्चों को योगाभ्यास करवाया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने मेहंदी, क्राफ्ट, चित्रकला, सामान्य ज्ञान, अबेकस, गणित सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभिभावकों ने की सराहना
विद्यालय के व्यवस्थापक आनंद पुरोहित ने कहा कि गर्मी की छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आज की आवश्यकता है।
शिविर प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे से 10 बजे तक आयोजित किया जाएगा। पहले ही दिन बच्चों में भारी उत्साह देखने को मिला और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना की।






















































