लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती (ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया) के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और त्याग को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, पराक्रम और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अद्वितीय मिसाल है, जो आज भी देशवासियों को प्रेरणा प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने स्वाभिमान और स्वतंत्रता से कभी समझौता नहीं किया। उनका जीवन राष्ट्र और समाज के लिए समर्पण, साहस तथा आत्मगौरव का प्रतीक है।
इस दौरान मुख्यमंत्री निवास में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।












































