लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जलभराव रोकने के कार्यों का किया निरीक्षण
भरतपुर | आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जलदाय विभाग एवं जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित ड्रेनेज सुधार और जल निकासी संबंधी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मानसून से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शहर के बीच से गुजरने वाले मुख्य डाउनस्ट्रीम ड्रेन तथा चिकसाना बांध तक जल निकासी तंत्र को मजबूत बनाने के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की। यह परियोजना राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित की जा रही है।
कलेक्टर कमर चौधरी ने बताया कि वर्षों से ड्रेनेज चैनलों में जलकुंभी और गाद जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन जाती थी। इसके अलावा कुछ स्थानों पर अवैध अवरोधों और खेती संबंधी गतिविधियों के कारण भी प्राकृतिक जल प्रवाह प्रभावित हुआ था।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में आधुनिक मशीनों की मदद से जलकुंभी हटाने, ड्रेनों की डी-सिल्टिंग (गाद निकालने), कॉम्पेक्शन तथा जल निकासी चैनलों को व्यवस्थित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और तकनीकी मानकों की भी समीक्षा की।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मानसून के दौरान शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को रोकना और वर्षाजल की सुचारू निकासी सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि ड्रेनेज सिस्टम के सुदृढ़ होने से न केवल इस मानसून में लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि भविष्य में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान भी सुनिश्चित होगा।












































