लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद। जिले के रकमपुरा गांव में नव निर्मित रामेश्वर महादेव मंदिर के सात दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रद्धा एवं उत्साह के माहौल में हुआ। आयोजन सूरजकुंड के महंत अवधेशानंद महाराज तथा झडोल आवरी माता मंदिर के महंत सीताराम दास महाराज के सानिध्य में प्रारंभ हुआ।
ग्रामीण रामसिंह, भेरूलाल, गिरधारीलाल गाडरी एवं बंशीलाल गाडरी ने बताया कि कलश यात्रा का शुभारंभ नेगड़िया का खेड़ा स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से विद्वान पंडित मनोज शर्मा के वैदिक मंत्रोच्चार एवं कलश पूजन के साथ किया गया। धार्मिक भजनों की मधुर धुनों के बीच महिलाएं मंगल गीत गाती हुई तथा पुरुष श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए।
कलश यात्रा ने मुख्य मार्गों से होते हुए नेगड़िया का खेड़ा से लगभग ढाई किलोमीटर की दूरी तय कर रकमपुरा स्थित धार्मिक स्थल तक पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। शोभायात्रा में भगवान ठाकुरजी की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
धार्मिक स्थल पहुंचने पर विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती का आयोजन किया गया। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत प्रतिदिन सुबह 9 बजे से गुजरात के प्रसिद्ध कथावाचक नितीश भाई आमेटा के मुखारविंद से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा।
इसके अलावा गुरुवार शाम को मूंगाणा के प्रसिद्ध मेवाड़ी भजन गायकों द्वारा भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें भक्तिमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।













































