लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा-देवली विधानसभा:
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य में चलाए गए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत उनियारा-देवली विधानसभा क्षेत्र में 20,642 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। यह जानकारी मंगलवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय में मतदाता सूची ड्राफ्ट के प्रकाशन के अवसर पर आयोजित राजनैतिक दलों की बैठक में दी गई।
उपखंड अधिकारी पूजा मीणा ने बताया कि गहन पुनरीक्षण से पहले इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,09,326 मतदाता थे। मृत, अनुपस्थित और दोहरी प्रविष्टि वाले 20,642 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने के बाद अब कुल मतदाता संख्या 2,88,684 रह गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि पुनरीक्षण के दौरान 2,764 मतदाताओं के नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में नहीं पाए गए, जिन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नामांकन कराना होगा।
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने या आपत्ति दर्ज करने की समयसीमा 15 जनवरी 2026 तक है। इस अवधि में मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी से या ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पूजा मीणा के अलावा भाजपा, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोक तांत्रिक पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

















































