लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पदोन्नति पर डग बालिका विद्यालय में हुआ स्थानांतरण, ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने ढोल-बैंड के साथ दी विदाई
डग (झालावाड़)। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मंगवलिया के प्रधानाचार्य गिरिराज किशोर व्यास का पदोन्नति के बाद राजकीय बालिका विद्यालय डग में स्थानांतरण होने पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, एसडीएमसी सदस्यों एवं शिक्षकों ने उनके शिक्षा क्षेत्र में दिए योगदान को याद करते हुए सम्मान व्यक्त किया।
समारोह के दौरान प्रधानाचार्य व्यास के सम्मान में ढोल-बैंड के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। छात्र-छात्राओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर एवं गुलदस्ते भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने कहा कि उनके कार्यकाल में विद्यालय में अनुशासन, संस्कार और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण विकसित हुआ, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता में लगातार सुधार देखने को मिला।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए गिरिराज किशोर व्यास ने कहा कि जीवन में अनुशासन, मेहनत और संस्कार सबसे बड़ी पूंजी हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान करने, माता-पिता का नाम रोशन करने तथा देश का जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मंगवलिया विद्यालय और ग्रामवासियों से मिला प्रेम, सम्मान और अपनापन उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। विद्यालय परिवार के सहयोग और स्नेह को वे सदैव याद रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस 2026 पर उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों, नवाचारों और अनुशासनप्रिय नेतृत्व के लिए उपखंड अधिकारी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में गिरिराज किशोर व्यास को ब्लॉक स्तर पर सम्मानित किया गया था। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की पूरे क्षेत्र में सराहना होती रही है।
समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि डग बालिका विद्यालय में भी वे अपनी कार्यशैली, नवाचारों और समर्पण से शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां स्थापित करेंगे।
विदाई समारोह में विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं, अभिभावक, एसडीएमसी सदस्य एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।





















































