महिला आरक्षण कानून लागू करने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

0
28
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पीएम का पुतला दहन

भरतपुर। महिला आरक्षण कानून 2023 को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर भरतपुर में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष बबीता शर्मा के नेतृत्व में बिजली घर चौराहे पर प्रदर्शन कर नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुईं। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू करने की मांग उठाई गई।

बबीता शर्मा ने कहा कि महिला आरक्षण कानून को लागू करने में हो रही देरी महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय है। उन्होंने 33 प्रतिशत आरक्षण को बिना देरी लागू करने और इसमें ओबीसी वर्ग की महिलाओं को शामिल करने की मांग की, ताकि सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि सितंबर 2023 में महिला आरक्षण कानून को मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार परिसीमन और जनगणना का हवाला देकर इसे टाल रही है। उन्होंने मांग की कि वर्तमान लोकसभा की 543 सीटों पर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।

बबीता शर्मा ने भाजपा पर महिलाओं के मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं होने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन इस पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं को नेतृत्व देने में अग्रणी रही है और पार्टी ने महिला अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रपति पद तक महिलाओं को जिम्मेदारी दी है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने की मांग दोहराई।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here