लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमन्द (गौतम शर्मा)। कुंवारिया थाना क्षेत्र के मादड़ी से ढुलियाना सड़क मार्ग पर रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात वाहन द्वारा डामरीकरण सड़क पर लगभग एक किलोमीटर तक गोबर फैला दिया गया। सड़क पर फैले गोबर से मार्ग अत्यंत फिसलन भरा हो गया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
फिसलन के कारण सड़क से गुजर रहे चार बाइक सवार अचानक संतुलन खोकर गिर पड़े, जिसमें वे घायल हो गए। वहीं एक कार भी फिसलन के चलते आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। एक बाइक का अगला पहिया और लाइट टूटने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। राहगीर शंभुलाल शर्मा ने बताया कि वे कार से मादड़ी से सीमाल की ओर जा रहे थे, तभी सड़क पर फैला गोबर दिखाई दिया और उनकी आंखों के सामने ही चार बाइक सवार फिसलकर गिर पड़े। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कुंवारिया थानाधिकारी सीआई रामचन्द्र कुमावत को दी।
सूचना मिलते ही कुंवारिया पुलिस मय जाप्ता मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ भाजपा प्रतिनिधि कालूसिंह सहित ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत जेसीबी मंगवाकर सड़क से गोबर हटाने का कार्य शुरू कराया गया।
हादसे में देवरिया खेड़ा निवासी पप्पूलाल एवं गोपाल सिंह, बुकरड़ा निवासी शैतान सिंह शांता तथा कमला देवी के घायल होने की जानकारी मिली है। घटना के चलते कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा और बड़ी संख्या में राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।













































