लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जरूरतमंदों को शिक्षित करना ही सच्ची सेवा: डॉ. पीएम बेसवाल
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
लायंस क्लब भीलवाड़ा ने भीषण सर्दी को देखते हुए अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए एक सराहनीय पहल की है। क्लब द्वारा ग्रामीण अंचलों के जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए स्वेटर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह सेवा कार्य क्लब के 9वें चरण के अंतर्गत किया गया।
इस अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दांताजंत्ती, कुम्हारिया, मंडपिया और सालरिया के कुल 208 जरूरतमंद विद्यार्थियों को गर्म स्वेटर वितरित किए गए। स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
भामाशाह लॉयन डॉ. पीएम बेसवाल का सहयोग
लायंस क्लब अध्यक्ष लायन एडवोकेट पवन पंवार ने बताया कि यह कार्यक्रम भामाशाह लॉयन डॉ. पीएम बेसवाल (एमजेएफ) के सहयोग से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. बेसवाल ने कहा कि जरूरतमंदों को शिक्षित करना ही मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। ऐसे सामाजिक कार्य न केवल बच्चों की सहायता करते हैं, बल्कि उनमें शिक्षा के प्रति उत्साह भी बढ़ाते हैं। उन्होंने दान को जीवन का आवश्यक अंग बताते हुए कहा कि धन का सदुपयोग समाज सेवा में होना चाहिए।
बच्चों को पढ़ाई व खेलकूद के लिए किया प्रेरित
अध्यक्षीय उद्बोधन में एडवोकेट पवन पंवार ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे स्वयं, अपने जिले, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर लायन पीएम बेसवाल, लायन एसएन लढ़ा, लायन सुरेंद्र जैन, लायन एसपी आनंद, लायन नवीन भदादा, लायन अतुल पारीक सहित अन्य लायन सदस्यों ने बच्चों को स्वच्छता, माता-पिता एवं गुरुओं के आशीर्वाद तथा शिक्षा के महत्व पर मार्गदर्शन दिया।
जल्द शुरू होगी स्कूलों में नेत्र जांच एम्बुलेंस
कार्यक्रम में लायन भवानीशंकर दुदानी ने जानकारी दी कि लायंस क्लब भीलवाड़ा द्वारा शीघ्र ही एक नेत्र जांच एम्बुलेंस तैयार की जा रही है, जो जिले की सभी सरकारी स्कूलों में जाकर बच्चों की आंखों की जांच करेगी। आवश्यकता होने पर जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क चश्मे और दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
विद्यालय स्टाफ व ग्रामीणों ने जताया आभार
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने लायंस क्लब अध्यक्ष एडवोकेट पवन पंवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सेवा कार्य से स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों, स्कूल स्टाफ और बच्चों ने तालियां बजाकर लायंस क्लब भीलवाड़ा का आभार प्रकट किया।













































