कुरेडा के किसान खाद बिखेरने की आधुनिक मशीन से बचा रहे समय और पैसा

0
41
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पीपलू (नरेश मीणा)।
खेती में बढ़ती लागत और मजदूरों की किल्लत के बीच पीपलू उपखंड की ग्राम पंचायत कुरेडा से एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। यहां के किसान गंगाराम मीणा ने आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को आसान और कम खर्चीला बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है, जिसकी चर्चा क्षेत्र में तेजी से हो रही है।

गंगाराम मीणा ने खेती में समय और श्रम की बचत के लिए नई तकनीक पर आधारित खाद फैलाने वाली मशीन का उपयोग शुरू किया है। इस मशीन की मदद से खेतों में समान रूप से खाद का वितरण हो रहा है, जिससे फसल को बेहतर पोषण मिल रहा है और उत्पादन क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।

मजदूरों पर निर्भरता होगी कम

किसान गंगाराम मीणा ने बताया कि वर्तमान समय में खेती में सबसे बड़ी समस्या समय पर मजदूरों का उपलब्ध न होना है। इससे कई बार काम प्रभावित होता है और लागत भी बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि इसी समस्या के समाधान के लिए उन्होंने यह मशीन खरीदी है।

उन्होंने कहा, “पहले खाद डालने में काफी समय लगता था और मजदूरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब मशीन की मदद से कम समय में अधिक काम हो रहा है और खाद भी समान रूप से खेत में फैल रही है, जिससे बचत भी हो रही है।”

अन्य किसानों के लिए बनी प्रेरणा

कुरेडा गांव में इस आधुनिक मशीन के उपयोग के बाद आसपास के किसान भी इसे देखने और समझने के लिए पहुंच रहे हैं। किसान समुदाय का मानना है कि इस तकनीक से न केवल श्रम कम हुआ है बल्कि खाद की बर्बादी भी रुकी है, जिससे आर्थिक लाभ हो रहा है।

स्थानीय किसानों का कहना है कि गंगाराम मीणा की यह पहल अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक है और इससे पीपलू क्षेत्र में आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा मिलेगा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here