लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कैबिनेट मंत्री ने किया एमजेएसए 2.0 और डायवर्जन चैनल का लोकार्पण
सुमेरपुर।
राजस्थान सरकार द्वारा संचालित ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसंत के बाबा गांव में उपखंड प्रशासन की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक एवं पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जीव दया को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभात फेरी और कलश यात्रा से दिया जल संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत खेतला मंदिर से ‘वंदे गंगा प्रभात फेरी’ को हरी झंडी दिखाकर की गई। प्रभात फेरी गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए माताजी मंदिर ढाणी पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भव्य कलश यात्रा निकाली। जल संरक्षण और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
विकास कार्यों का लोकार्पण और पौधारोपण
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने खेड़ा देवी माता मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और ग्रामीणों से पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान (MJSA 2.0) फेज एवं डायवर्जन चैनल का विधिवत लोकार्पण किया।
गवई तालाब पर किया श्रमदान
जल संरक्षण और जीव दया के संदेश को आगे बढ़ाते हुए मंत्री ने स्थानीय गवई तालाब पर पहुंचकर स्वयं फावड़ा चलाकर श्रमदान किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में मूक पक्षियों के लिए पेड़ों पर परिंडे बांधे और ग्रामीणों से उनमें नियमित पानी भरने की अपील की।
“जल बचाना हम सभी की जिम्मेदारी”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि पानी केवल एक जरूरत नहीं बल्कि जीवन का आधार है। आने वाली पीढ़ियों का भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि आज हम जल की प्रत्येक बूंद को कितना सहेजते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘वंदे गंगा अभियान’ के माध्यम से सरकार जल स्वावलंबन को जन आंदोलन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बाबा गांव में शुरू किए गए एमजेएसए 2.0 और डायवर्जन चैनल क्षेत्र के जलस्तर सुधारने में मील का पत्थर साबित होंगे।
उन्होंने ग्रामीणों से जल स्रोतों की रक्षा, पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार श्रमदान करने का आह्वान किया। साथ ही भीषण गर्मी में पक्षियों और बेजुबान जानवरों के लिए हर घर के बाहर परिंडे लगाने की अपील भी की।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, जिला संयोजक शिवराज सिंह बिठिया, उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार, तहसीलदार हिमांशु कच्छावा, विकास अधिकारी प्रमोद दवे, ग्राम पंचायत बसंत की प्रशासक नेनु देवी, सरपंच संघ अध्यक्ष मेघाराम परमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


















































