कड़ेल गांव में दिखा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का अनूठा अंदाज

0
32
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

सुबह की सैर के साथ जाना जनता का हाल, मौके पर दीं कई बड़ी सौगातें

नितिन मेहरा, वरिष्ठ संवाददाता (अजमेर/जोधपुर)

पुष्कर (अजमेर)। भजनलाल शर्मा इन दिनों सीधे आमजन के बीच पहुंचकर सुशासन और जनसहभागिता का नया मॉडल प्रस्तुत कर रहे हैं। इसी क्रम में अजमेर जिले के कड़ेल गांव से मुख्यमंत्री की जमीनी सक्रियता की एक आत्मीय तस्वीर सामने आई है।

गांव में रात्रि विश्राम और चौपाल पर ग्रामीणों से संवाद के बाद मुख्यमंत्री सुबह साधारण अंदाज में गांव की गलियों में मॉर्निंग वॉक पर निकल पड़े। सुबह-सुबह बिना किसी तामझाम के मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, महिलाओं से बातचीत की तथा किसान, पशुपालक, सफाई कर्मचारी और रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद किया। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं का जमीनी फीडबैक भी लिया।

ग्रामीणों की मांग पर मौके पर लिए बड़े फैसले

संवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं, जिस पर उन्होंने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में क्रमोन्नत करने की मंजूरी दी। साथ ही परिवहन सुविधा बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त सिटी बस सेवा शुरू करने तथा स्थानीय विद्यालय की चारदीवारी निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा राजस्व मामलों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष शिविर लगाकर जमीन संबंधी लंबित मामलों का त्वरित और पारदर्शी समाधान करने के निर्देश दिए।

किसानों के साथ चाय पर चर्चा

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों और किसानों के साथ बैठकर चाय पी तथा खेती-किसानी और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने गुलाब, आंवला, लेसवा और प्याज जैसी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए आधुनिक कृषि तकनीक और जल संरक्षण आधारित खेती अपनाने का सुझाव दिया।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

शेषनाग मंदिर में पूजा-अर्चना

ग्राम भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री शेषनाग भगवान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

रास्ते में बच्चों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उनसे पढ़ाई और स्कूल के बारे में जानकारी ली तथा बच्चों को चॉकलेट भी वितरित की।

इस अवसर पर सुरेश सिंह रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री का सहज और जनकेंद्रित व्यवहार पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here