लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां, नागौर। इंदिरा एकादशी के अवसर पर पादूकलां कस्बे सहित आसपास के गांवों के मंदिरों में आज धार्मिक आयोजन होंगे। बस्सी की ढाणी स्थित श्री श्याम मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। एकादशी के अवसर पर श्याम बाबा का विशेष दिव्य श्रृंगार किया जाएगा।
मंदिर के पुजारी पुखराज शास्त्री ने बताया कि दिनभर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर मंदिर की चौखट पर धोक लगाएंगे और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
वहीं चारभुजा मंदिर में एकादशी व्रत रखने वाली महिलाएं नारियल अर्पित कर 108 परिक्रमा करेंगी। श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना के साथ पूजा-अर्चना करेंगे।
इंदिरा एकादशी पर भगवान विष्णु और शालिग्राम की पूजा का भी विशेष महत्व माना जाता है। पितरों के उद्धार और पितृ दोष से मुक्ति की कामना को लेकर श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा करेंगे। मंदिरों में धार्मिक आयोजनों को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं में उत्साह है।
7 अक्टूबर को होगा व्रत का पारण
इंदिरा एकादशी का व्रत रखने वाले श्रद्धालु 7 अक्टूबर को सुबह 6:24 बजे से 10:17 बजे तक पारण कर सकेंगे।






















































