लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मीडिया, सोशल मीडिया और जमीनी जनसंपर्क के बेहतर समन्वय पर जोर
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा जयपुर शहर जिला कार्यालय में कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती, वार्ड एवं बूथ स्तर के प्रबंधन, जनसंपर्क तथा मीडिया और सोशल मीडिया रणनीति को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सामाजिक सरोकार और ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव के साथ कार्य करने वाला राजनीतिक दल है। यही भाजपा की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में सरकार के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना संगठन का लक्ष्य है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत और समर्पण के साथ जुटना होगा।
‘पूर्व योजना और पूर्ण योजना’ पर जोर
बी.एल. संतोष ने कहा कि भाजपा की अपनी विशिष्ट कार्यपद्धति है। “पूर्व योजना और पूर्ण योजना, हर कार्यकर्ता को काम और हर काम के लिए कार्यकर्ता” के सिद्धांत के साथ संगठन सभी की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक कार्य को परिणाम तक पहुंचाता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी भूमिका और जिम्मेदारी को भली-भांति समझे और उसका प्रभावी ढंग से निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर राजस्थान के शहरों में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाकर उन्हें विकास की गति में भागीदार बनाना है।
मीडिया और सोशल मीडिया रणनीति पर मंथन
बैठक में नगर निकाय चुनाव के दौरान मीडिया, सोशल मीडिया और जमीनी जनसंपर्क के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। स्थानीय मुद्दों पर तथ्यात्मक एवं प्रभावी संवाद, सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा भाजपा के पक्ष में सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए सुनियोजित रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और चुनावी प्रबंधन को प्रभावी बनाने की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी नगर निकाय चुनाव में संगठन को पूरी शक्ति के साथ मैदान में उतारने और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।




















































