लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बीकानेर | विजय कपूर |
बीकानेर| राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को जिला स्तरीय कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कलेक्ट्रेट परिसर से बीकानेर जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों में राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास रथ राज्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे। ये रथ दूरस्थ गांवों और ढाणियों तक जाकर लोगों को योजनाओं से अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बीते दो वर्षों में ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनकी जानकारी जनता तक पहुंचाना इन रथों का उद्देश्य है। उन्होंने विकास रथों के संचालन की सघन मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित रूट के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने परिवहन विभाग द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा रैली को भी हरी झंडी दिखाई। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत ऑटो रिक्शा एवं दुपहिया वाहन चालकों ने रैली के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। प्रभारी मंत्री ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और 25 दिव्यांग दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए।
कार्यक्रम में बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक सिद्धि कुमारी, श्याम पंचारिया, जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष, बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त अपर्णा गुप्ता, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अनिल पंड्या, जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरि शंकर आचार्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
















































