लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर में माइंस विभाग की बड़ी कार्रवाई
अजमेर | नितिन मेहरा।
अजमेर |माइंस विभाग की अजमेर वृत्त की टीम ने विजय नगर–नसीराबाद क्षेत्र में देर रात एवं तड़के अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान विभागीय टीम ने चार डंपर जब्त किए हैं, जबकि रेत का अवैध परिवहन कर रहा एक डंपर विभागीय पीछा करने के बावजूद स्कॉर्पियो वाहन की मदद से फरार हो गया। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
बजरी व ग्रेनाइट का अवैध परिवहन पकड़ा गया
अजमेर वृत्त के अधीक्षण खनि अभियंता जय गुरुबख्सानी ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर विजय नगर और नसीराबाद क्षेत्र में औचक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान—
-
विजय नगर क्षेत्र से बजरी का अवैध परिवहन करते दो डंपर जब्त
-
विजय नगर–नसीराबाद क्षेत्र से ग्रेनाइट का अवैध परिवहन करते दो डंपर जब्त किए गए

रेत डंपर फरार, स्कॉर्पियो से किया गया रास्ता अवरुद्ध
अधीक्षण खनि अभियंता ने बताया कि विभागीय टीम ने रेत का अवैध परिवहन कर रहे एक डंपर का पीछा किया। इस दौरान डंपर चालक ने बीच सड़क पर ही रेत फैलाकर फरार होने का प्रयास किया।
पीछा कर रही विभागीय टीम के कार्य में एक स्कॉर्पियो वाहन द्वारा रास्ता रोककर बाधा डाली गई, जिससे रेत डंपर फरार होने में सफल हो गया।
डंपर चालक, मालिक और एस्कॉर्ट वाहन पर एफआईआर
जय गुरुबख्सानी ने बताया कि फरार रेत डंपर के चालक, मालिक एवं एस्कॉर्ट कर रही स्कॉर्पियो में सवार लोगों के खिलाफ पुलिस में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराई गई है।

कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में अधीक्षण खनि अभियंता के साथ
-
खनि अभियंता (विजिलेंस) अजमेर
-
सहायक खनि अभियंता, सावर
सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

















































