बेसुध मिले असहाय युवक को पुलिस ने पहुंचाया अपना घर आश्रम

0
61
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

कठूमर, अलवर। (संजीव बंसल)

कठूमर थाना पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर मंगलवार को सड़क किनारे बेसुध हालत में मिले एक लावारिस और असहाय युवक को मानवता का परिचय देते हुए अपना घर आश्रम पहुंचाया। पुलिस ने अपना घर सेवा समिति इकाई कठूमर के सहयोग से युवक को मां माधुरी बृज वारिस सेवा सदन अपना घर आश्रम, बझेरा (भरतपुर) भिजवाया।

जानकारी के अनुसार पुराने पुलिस थाना भवन, मानखेड़ा रोड के पास सड़क किनारे एक युवक के सुबह से बेसुध पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना पर कठूमर द्वितीय थाना अधिकारी गुलाब सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवक से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन वह मानसिक रूप से अस्वस्थ और भूख से व्याकुल नजर आया।

पुलिसकर्मी युवक को थाने लेकर आए और उसे भरपेट भोजन कराया। इसके बाद अपना घर सेवा समिति इकाई कठूमर के पदाधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। समिति की सूचना पर अपना घर आश्रम की ओर से एंबुलेंस भेजी गई, जिससे युवक को सुरक्षित आश्रम के लिए रवाना किया गया।

इस दौरान हेड कांस्टेबल सीताराम बेढ़म, समिति के अनिल कूलवाल, सत्तू पंडित सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आश्रम में युवक को सुरक्षित आश्रय, भोजन और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई जाएगी।

पुलिस की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि असहाय व्यक्ति की मदद कर पुलिस ने संवेदनशीलता और मानवीयता का परिचय दिया है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here