लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार पर हमला
पीसांगन, अजमेर। (स्थानीय संवाददाता-ओमप्रकाश चौधरी)
पीसांगन कस्बे में निकाय चुनाव की गहमागहमी के बीच एक आवारा श्वान के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई। श्वान ने अलग-अलग इलाकों में हमला कर रात साढ़े 9 बजे तक 11 राहगीरों और वाहन चालकों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में पीसांगन कस्बे के 9 लोग तथा भड़सुरी और बुधवाड़ा गांव का एक-एक व्यक्ति शामिल है।
चलती बाइक पर किया हमला, सीसीटीवी फुटेज सामने
मामला कस्बे के बस स्टैंड और इंदिरा कॉलोनी के बीच का बताया जा रहा है। यहां एक बाइक सवार पर श्वान ने पीछे से अचानक हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें श्वान बाइक सवार की ओर दौड़ता और उसे काटने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है।
बस स्टैंड, इंदिरा कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में श्वान ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया। अचानक पीछे से हमला किए जाने के कारण राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग बचने के लिए दुकानों और घरों में घुस गए।
प्रशासन ने शुरू किया श्वान पकड़ने का अभियान
मामले की जानकारी नगरपालिका ईओ राजेंद्र रेवाड़ के संज्ञान में आने के बाद श्वान को पकड़ने के लिए टीम को लगाया गया। प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
सभी 11 घायलों का अस्पताल में उपचार
श्वान के काटने से घायल सभी 11 लोगों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेंद्र सिंह लामरोड़ की देखरेख में घायलों की मरहम-पट्टी की गई तथा आवश्यकतानुसार टांके लगाकर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए।
सीएचसी प्रभारी डॉ. लामरोड़ के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। एक घायल को सबसे अधिक 30 टांके लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को रेबीज से बचाव के लिए टीके की निर्धारित डोज पूरी करवानी होगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कस्बे में इतनी बड़ी संख्या में लोगों के श्वान के काटने की घटना पहले नहीं हुई। ऐसे में नागरिक सतर्क रहें और आवारा श्वानों से दूरी बनाए रखें।
ये 11 लोग हुए घायल
सीएचसी प्रभारी के अनुसार पीसांगन निवासी 33 वर्षीय संजय खान, 27 वर्षीय इशाक, 27 वर्षीय सोनूराम, 35 वर्षीय राजेश सिंह रावत, 32 वर्षीय अशोक, 52 वर्षीय दिनेश कुमावत, 31 वर्षीय शिव शंकर, 25 वर्षीय जावेद और 37 वर्षीय मुकेश के अलावा भड़सुरी निवासी 32 वर्षीय आशुतोष तथा बुधवाड़ा निवासी 21 वर्षीय तुषार श्वान के हमले में घायल हुए हैं।























































