लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीसांगन, अजमेर | ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन पुलिस ने राज्य सरकार के निर्देशों के तहत अवैध बजरी खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के नुरियावास में भांवता रोड पर अवैध रूप से बजरी परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी प्रहलाद सहाय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गश्त के दौरान यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, गश्त के समय सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की गई, जिसमें बजरी भरी हुई पाई गई।
बजरी का रवन्ना नहीं कर सका पेश
पुलिस ने नुरियावास निवासी 40 वर्षीय चालक रामदेव गुर्जर से बजरी के वैध रवन्ना एवं परमिट मांगे, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कार्रवाई के दौरान चालक द्वारा पुलिस से उलझने पर स्थिति बिगड़ती देख उसे शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने में सुरक्षित खड़ा करवाया गया है तथा अग्रिम कार्रवाई के लिए खनन विभाग को सूचित कर दिया गया है।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
थानाधिकारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में
-
थानाधिकारी प्रहलाद सहाय
-
एएसआई कानाराम घासल
-
कांस्टेबल रामकुंवार शास्त्री, महेंद्र कुमावत, कुशाल पचार, धर्मेंद्र रोज, सुशील खाल्या, प्रकाश जाखड़ एवं गोपालराम
शामिल रहे।















































