लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भक्ति में डूबे श्रद्धालु
कथावाचक भरत अभिराम दास महाराज बोले- ‘श्रद्धा जितनी मजबूत होगी, उतना ही विश्वास का आकर्षण करेगी’
उनियारा। (दुर्योधन मयंक)
उनियारा उपखंड के अलीगढ़ कस्बे में क्षत्रीय खंगार समाज रामपुरा के तत्वावधान में श्री जगत श्रवण मंदिर परिसर में श्रावण माह के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा में मंगलवार को चौथे दिन गौरी-शंकर विवाह महोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
कथा के दौरान रुद्र संहिता के सती खंड के प्रसंगों का श्रद्धालुओं ने श्रवण किया। गौरी-शंकर विवाह प्रसंग के दौरान पूरा कथा स्थल भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
‘पार्वती श्रद्धा और शिव विश्वास के प्रतीक’
कथावाचक परम पूज्य श्री गुरु चरण आश्रित वैष्णव दासानुदास भरत अभिराम दास महाराज, श्री गौर कृपा धाम वृंदावन ने श्रद्धा और विश्वास का महत्व बताते हुए कहा कि “श्रद्धा जितनी मजबूत होगी, उतना ही विश्वास का आकर्षण करेगी।”
उन्होंने कहा कि पार्वती श्रद्धा और भगवान शिव विश्वास के प्रतीक हैं। जब जीवन में श्रद्धा और विश्वास का गठजोड़ होता है, तब विवेक रूपी गणेश का जन्म होता है।
महाराज ने कहा कि जीवन में कितनी भी प्रतिकूल परिस्थितियां क्यों न आएं, भगवान की कृपा हमेशा जीव को संभालती है। इसके लिए जरूरी है कि व्यक्ति अपने जीवन में श्रद्धा और विश्वास को मजबूत बनाए रखे।
देशप्रेम और सनातन धर्म का दिया संदेश
कथा के दौरान श्रद्धालुओं को देशप्रेम और सनातन धर्म से जुड़े विभिन्न संदेश भी दिए गए। कथावाचक ने धर्म, संस्कार और आस्था को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
गौरी-शंकर विवाह महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिलाओं और समाजजनों ने कथा में भाग लेकर धार्मिक प्रसंगों का श्रवण किया।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद
इस अवसर पर क्षत्रीय खंगार समाज अलीगढ़ के जितेंद्र खंगार, चंचल खंगार, गोपीलाल खंगार, शंकरलाल खंगार, राधेश्याम खंगार, रमेश चंद शर्मा, भंवरलाल शर्मा और नरोत्तम गौतम सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं महिलाएं मौजूद रहीं।
सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के आयोजन से अलीगढ़ कस्बे में श्रावण माह के दौरान धार्मिक और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।






















































