लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने साधु-संतों संग किया मंथन, अधिकारियों को दो टूक संदेश
“आराध्य की भूमि पर अवैध गतिविधियां कतई बर्दाश्त नहीं”
डीग | 25 दिसंबर
ब्रज क्षेत्र की पवित्रता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर राज्य सरकार ने अब जीरो टॉलरेंस नीति अपना ली है। गुरुवार को पंचायत समिति सभागार, डीग में गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की अध्यक्षता में ब्रज क्षेत्र के पूज्य साधु-संतों एवं जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक ऐतिहासिक और निर्णायक बैठक आयोजित हुई।
बैठक में गृह राज्य मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप डीग जिले को धार्मिक पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा और ब्रज भूमि पर अवैध खनन या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि के लिए कोई स्थान नहीं है।

अवैध खनन पर सर्जिकल स्ट्राइक, अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
बैठक में जिला कलेक्टर उत्सव कौशल और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना की मौजूदगी में गृह राज्य मंत्री ने अवैध खनन को लेकर अब तक के सबसे सख्त निर्देश जारी किए।
संयुक्त निरीक्षण
कामां, पहाड़ी, नगर और सीकरी क्षेत्रों में तहसीलदार, एसएचओ, वन विभाग एवं माइनिंग इंचार्ज की संयुक्त टीम सघन निरीक्षण करेगी।
थर्ड पार्टी ऑडिट
कार्रवाई के बाद थर्ड पार्टी औचक जांच कराई जाएगी। यदि किसी भी क्षेत्र में अवैध खनन पाया गया, तो पटवारी से लेकर उपखंड अधिकारी तक की जिम्मेदारी तय कर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

लिवासना व संरक्षित क्षेत्रों में त्वरित एक्शन
साधु-संतों द्वारा लिवासना क्षेत्र में डेढ़ किलोमीटर के दायरे में अवैध खनन की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री श्री बेढ़म ने माइनिंग विभाग को तत्काल जांच तथा उपखंड अधिकारी को रिपोर्ट क्रॉस-चेक करने के निर्देश दिए।
पुलिस चौकी की स्थापना
लिवासना सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
गो-संरक्षण पर जोर
वन विभाग को पशुओं के लिए रेस्क्यू सेंटर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस को स्पष्ट निर्देश
“दो दिन मुनादी कराएं, फिर सख्त कार्रवाई करें”
गृह राज्य मंत्री ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि अगले दो दिन तक मुनादी कराकर अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध की सूचना दी जाए। इसके बाद भी यदि कोई व्यक्ति संलिप्त पाया गया तो वाहन जब्ती सहित कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने डीएम और एसपी को साधु-संतों के साथ ग्राउंड जीरो पर जाकर स्थिति का आकलन करने के भी निर्देश दिए।

डीग बनेगा ब्रज 84 कोस परिक्रमा का प्रमुख केंद्र
बैठक में संतों ने डीग को नंदगांव, गोवर्धन और बरसाना से जुड़ा हुआ बताते हुए इसे धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर उभारने का सुझाव दिया।
मंत्री श्री बेढ़म ने कहा,
“आज संतों के चरणों में बैठने का सौभाग्य मिला है। डीग को ऐसा तीर्थ स्थल बनाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं को अलौकिक अनुभूति हो।”
उन्होंने परिवहन विभाग में रिक्त पदों को भरने के लिए उच्च स्तर पर प्रयास करने के संकेत भी दिए।
हर माह होगी संत-प्रशासन समीक्षा बैठक
प्रशासनिक इतिहास में नई पहल करते हुए निर्णय लिया गया कि अब हर माह साधु-संतों और जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जिसमें निर्देशों की प्रगति और जमीनी हालात की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में पूज्य संत रामदास, शिवराम दास, ब्रज दास, भूरा बाबा, हरीबोल दास, नीलमणि, राधा रमन दास, पूरन, गंगाराम, दयानिधि, राधाजीवन दास, मिहिर कुमार सहित अनेक साधु-संत उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में डीएफओ चेतन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, खनन एवं राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


















































