लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार, झालावाड़।
झालावाड़ जिले की गंगधार पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गौवंश से भरे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
थानाप्रभारी अमरनाथ जोगी ने बताया कि पुलिस को गौ रक्षा दल की ओर से सूचना मिली थी कि कुंडला रोड से चौमहला की ओर एक पिकअप वाहन में गौवंश भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने हरनीखेड़ा के समीप पिकअप वाहन को रोका, जहां जांच के दौरान वाहन में तीन गौवंश पाए गए। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया और गौवंश को सुरक्षित किया गया।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गौ रक्षा दल के सदस्य मौके पर पहुंच गए और गौ तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। गंगधार पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि गौ तस्करी के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















































