लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
26 दिसंबर को प्रदेशभर में मनाया जाएगा ‘वीर बाल दिवस’, मंडल से प्रदेश स्तर तक होंगे विविध कार्यक्रम
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
जयपुर | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 26 दिसंबर को देशभर में ‘वीर बाल दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह जी के पुत्र साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत की स्मृति में भारतीय जनता पार्टी द्वारा राजस्थान प्रदेश में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वीर बाल दिवस कार्यक्रम के प्रदेश समन्वयक सरदार सुरेंद्रपाल सिंह टीटी ने बताया कि पार्टी की ओर से मंडल, जिला और प्रदेश स्तर तक विशेष आयोजन किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आमजन को साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायक गाथाओं से अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में स्थानीय गुरुद्वारों में शब्द कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, वहीं मंडल और जिला स्तर पर प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। इसके साथ ही साहिबजादों की शहादत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
सरदार सुरेंद्रपाल सिंह टीटी ने जानकारी दी कि जयपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
वीर बाल दिवस के अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, जिला स्तरीय बौद्धिक संगोष्ठियां, स्कूलों और कॉलेजों में विचार एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 26 दिसंबर को राजकीय विद्यालयों में एक घंटे के विशेष सत्र के दौरान विद्यार्थियों को वीरता, शहादत और राष्ट्रप्रेम से जुड़ी प्रेरक कहानियां सुनाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता मंडल स्तर पर साहिबजादों के जीवन और बलिदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन करेंगे तथा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, ताकि उनकी गौरवशाली गाथा समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।
इस अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, कार्यक्रम प्रदेश संयोजक आशीष चौपड़ा, प्रदेश सह संयोजक प्रीति शर्मा और ऋषि मीणा मंच पर उपस्थित रहे।
















































