लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में देशभर के कवि करेंगे अटल जी को श्रद्धांजलि
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया) | लोक टुडे न्यूज नेटवर्क।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी 23 दिसंबर को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम अटल जी के व्यक्तित्व, उनके विचार और कविताओं को याद करने का अवसर होगा।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने बताया कि अटल जी एक अजातशत्रु नेता थे, जिनकी राजनीति शुचिता और तथ्यों पर आधारित थी। वे उत्कृष्ट कवि भी थे और उनकी कविताएं देश के चित्रण और संवेदनाओं को दर्शाती हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश संयोजक एवं राज्यसभा सांसद धनश्याम तिवाड़ी उपस्थित रहेंगे।
कवि सम्मेलन में पद्यश्री सुरेंद्र शर्मा, मध्य प्रदेश के सत्यनारायण सत्यजीत, डॉ. हरिओम पंवार, डॉ. अनामिका अम्बर, वेदव्रत वाजपेयी, पूनम वर्मा और डॉ. प्रवीण शुक्ल शामिल होंगे। सभी कवि अटल जी के संस्मरणों और विचारों को कविता के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा, अटल जी की कविताओं का गायन भी किया जाएगा।
सिविल लाइन विधानसभा के विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि अटल जी ने संयुक्त राष्ट्र में हिंदी भाषण देकर, पोकरण में परमाणु परीक्षण कर और भारत की उदारता की प्रतिष्ठा स्थापित कर स्वर्णिम अध्याय रचा। उनका व्यक्तित्व और योगदान भारतीय लोकतंत्र के लिए प्रेरणादायक हैं।
प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी और प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ भी उपस्थित रहे।


















































