लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर: ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती हज़रत गरीब नवाज़ के 814वें उर्स की शुरुआत के अवसर पर अजमेर जिला प्रशासन की ओर से दरगाह शरीफ में चादर पेश की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने अकीदत के साथ चादर और फूल पेश कर उर्स के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन की दुआ मांगी।
इस मौके पर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, अजमेर रेंज महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह, जिला कलक्टर लोक बंधु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, नगर निगम आयुक्त देशल दान, डॉ. अजेय सिंह, डॉ. नेहा राजपूत, मेला मजिस्ट्रेट नरेंद्र कुमार मीणा, उपखंड अधिकारी गरिमा नरूला सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने कहा कि उर्स के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग 24 घंटे पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रशासन की ओर से चादर पेश कर उर्स के शांतिपूर्ण आयोजन की दुआ मांगी गई है।
वहीं जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिला प्रशासन ने परंपरा के अनुसार दरगाह में चादर चढ़ाई है। उन्होंने देश में प्रेम, भाईचारा और सौहार्द बना रहे तथा उर्स शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए दुआ की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उर्स के दौरान सुरक्षा, यातायात, सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर सभी विभाग पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हैं।


















































