लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रसद विभाग व पुलिस की संयुक्त दबिश, भारी मात्रा में सिलेंडर, वाहन व उपकरण जब्त
अजमेर | नितिन मेहरा।
अजमेर | अजमेर जिले के पीसांगन क्षेत्र के ग्राम केसरपुरा में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खतरनाक गतिविधि का खुलासा किया है। रसद विभाग, पुलिस एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने सुनियोजित दबिश देकर मौके से भारी मात्रा में गैस सिलेंडर, वाहन और तकनीकी उपकरण जब्त किए।
जिला रसद अधिकारी नीरज जैन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची, जहां घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों में अवैध रूप से रिफिलिंग की जा रही थी। यह कार्य बिना किसी वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के किया जा रहा था, जिससे क्षेत्र में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
गैस टैंकर से सीधे भरे जा रहे थे सिलेंडर
कार्रवाई के दौरान मौके से
-
एक गैस टैंकर
-
दो पिकअप वाहन
-
एक लोडिंग टेंपो
बरामद किए गए, जिनका उपयोग अवैध गैस परिवहन और रिफिलिंग में किया जा रहा था।
इसके अलावा
-
1 घरेलू गैस सिलेंडर
-
115 कमर्शियल गैस सिलेंडर
-
गैस भरने के नोजल पाइप
-
टोटलाइजर मशीन
-
इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा
-
अन्य तकनीकी उपकरण व पेट्रोलियम पदार्थ
जब्त किए गए।
जब्त किए गए सिलेंडर व उपकरण मैसर्स भास्कर इंडेन गैस एजेंसी (IOCL), सराधना को सुपुर्द किए गए, जबकि गैस टैंकर को IOCL प्लांट तबीज़ी को सौंपा गया।
उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी और जनसुरक्षा से खिलवाड़
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गैस टैंकर से सीधे सिलेंडरों में गैस भरकर उन्हें बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी। इससे न केवल उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी हो रही थी, बल्कि आगजनी और विस्फोट जैसी घटनाओं का भी गंभीर खतरा था।
पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में लंबे समय से इस अवैध गतिविधि में संलिप्तता के संकेत मिले हैं। मामले में थाना मांगलियावास में एफआईआर दर्ज कर आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण विनियमन आदेश 2000 के तहत प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी : रसद विभाग
जिला रसद अधिकारी नीरज जैन ने कहा कि अवैध गैस रिफिलिंग अत्यंत खतरनाक गतिविधि है, जिससे जनहानि की गंभीर आशंका रहती है। जिले में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस संयुक्त कार्रवाई में प्रवर्तन अधिकारी रेनुका चतुर्वेदी, प्रवर्तन निरीक्षक राहुल वेदवाल, मुकेश बुगालिया, मांगलियावास थानाधिकारी दिनेश कुमार, जिला स्पेशल टीम से उप निरीक्षक सत्यवान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।














































