लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा | पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा | भीलवाड़ा जिला अभिभाषक संस्था के वर्ष-2026 की कार्यकारिणी चुनावों में अधिवक्ता उम्मेद सिंह राठौड़ ने अध्यक्ष पद पर बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने मौजूदा महासचिव रामपाल शर्मा को 452 मतों के अंतर से हराया। वहीं पुस्तकालय सचिव पद का चुनाव रोमांचक रहा, जिसमें प्रतापलाल तेली नौ मतों से विजयी रहे।
जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में सुबह नौ बजे मतदान शुरू हुआ और दोपहर 3 बजे समाप्त हुआ। मतगणना के दौरान बढ़त बनाए उम्मीदवारों के समर्थक नारेबाजी करते और कोर्ट परिसर में आतिशबाजी, ढोल की थाप व मिठाई वितरण के साथ जश्न मनाया। उम्मेद सिंह राठौड़ पहली बार चुनाव लड़कर ही अध्यक्ष बने।
मुख्य चुनाव अधिकारी राकेश वैष्णव के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए 902 मत पड़े, जिनमें राठौड़ को 673 और रामपाल शर्मा को 221 मत मिले। महासचिव पद पर पंकज कुमार दाधीच 273 मत से विजयी रहे। उपाध्यक्ष, रेवेन्यू महासचिव, कोषाध्यक्ष, सहसचिव और पुस्तकालय सचिव के चुनाव भी संपन्न हुए।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़ ने कहा कि उनका एक वर्ष का कार्यकाल अधिवक्ताओं के हितों के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने अपने संकल्प में कहा: “सशक्त अधिवक्ता, संगठित संघ।” उन्होंने आवासीय कॉलोनी, महिला बार रूम का विस्तार, न्यायालय परिसर में पोस्ट ऑफिस, स्टेट टोल टैक्स मुक्त करना, महिला अधिवक्ताओं की भागीदारी बढ़ाना और नियमित कार्यशाला एवं प्रदेश स्तरीय सेमिनार आयोजित करना जैसे लक्ष्यों की घोषणा की। इसके अलावा, जनरल हाउस के माध्यम से सौ दिवसीय कार्ययोजना लागू की जाएगी।
















































