लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय एवं उपखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में 11 से 25 दिसंबर तक जिलेभर में प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा हुई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि निर्धारित अवधि में होने वाले सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित, जनहितकारी और व्यापक जनसहभागिता वाले हों। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश दिए, ताकि सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
विकास रथ 12 से 26 दिसंबर तक
कलेक्टर ने बताया कि 12 से 26 दिसंबर तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘विकास रथ’ संचालित किया जाएगा। यह रथ विधानसभा-वार तय कार्यक्रम के अनुसार भ्रमण कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और लाभार्थी आधारित कार्यक्रमों की जानकारी आमजन को देगा।
बैठक में एडीएम सिटी प्रतिभा देवटिया, जिला परिषद सीईओ चंद्रभान सिंह भाटी, नगर विकास न्यास सचिव ललित गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी उपखंड स्तरीय अधिकारी भी बैठक में जुड़े।















































