लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमन्द
राजसमंद स्थित सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार शाम वार्षिकोत्सव बड़े उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इस बार वार्षिक उत्सव ‘हमारा आशियाना’ थीम पर आधारित रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश राघवेंद्र काछवाल रहे, जबकि अध्यक्षता जिला परिषद राजसमंद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने की। अतिथियों का स्वागत बैंड वादन, तिलक, पगड़ी, एकलाई और आरती के साथ किया गया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन और प्रार्थना नृत्य के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
विद्यालय प्राचार्य फादर जॉनी मैथ्यू ने अतिथियों, अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत किया। विद्यार्थियों ने न्यूज रिपोर्टर की शैली में विद्यालय की उपलब्धियां रोचक अंदाज में प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम में पारिवारिक स्नेह, एकता और सामाजिक संदेशों पर आधारित विविध प्रस्तुतियां दी गईं—
-
स्वागत नृत्य
-
दादा-दादी और माता-पिता को समर्पित भावुक नृत्य
-
AI आधारित मेवाड़ी हास्य नाटक
-
पारिवारिक एकता पर आधारित नाटक

-
पर्यावरण सुरक्षा पर आधारित नृत्य
-
देशभक्ति नृत्य-नाटिका
-
राजस्थान की संस्कृति से सुसज्जित लोकनृत्य
हर प्रस्तुति पर सभागार तालियों से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि काछवाल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि जो बच्चे इतने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, वे पढ़ाई में भी उतने ही कुशल होते हैं, इसलिए विद्यालय का परिणाम हमेशा 100% रहता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम ने उन्हें अपने बचपन के संयुक्त पारिवारिक जीवन की याद दिला दी।
विशिष्ट अतिथि बृजमोहन बैरवा ने अभिभावकों को पारिवारिक संबंधों का मूल्य समझाने तथा बच्चों को रील लाइफ की बजाय रियल लाइफ से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज “अनसोशल मीडिया” बनता जा रहा है, ऐसे में परिवार के साथ समय बिताना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अंत में विद्यालय व्यवस्थापक फादर बेसिल वसुनिया ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पूरा कार्यक्रम विद्यालय के शिक्षकों द्वारा तैयार किया गया।
वार्षिकोत्सव में बड़ी संख्या में अभिभावक और शहरवासी उपस्थित रहे और ‘हमारा आशियाना’ थीम की सराहना की। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।














































