लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धार्मिक उत्साह के साथ जैन श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी
उनियारा। रिपोर्ट – सत्यप्रकाश मयंक
श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगम्बर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र से सूंठड़ा तक रविवार को जैन श्रद्धालुओं द्वारा चतुर्थ पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा का आयोजन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र अभिषेक मंडल द्वारा बड़े धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
पदयात्रा का शुभारंभ समिति अध्यक्ष महावीर टोग्या ने हरी झंडी दिखाकर किया। सुबह से ही श्रद्धालु जैन मंदिर में एकत्रित हुए और धार्मिक जयकारों, भजनों और मंगलगान के साथ सूंठड़ा स्थित तीर्थ क्षेत्र की ओर रवाना हुए।
यात्रा के मार्ग में तीर्थ क्षेत्र प्रबंध कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं का स्वागत-सत्कार किया गया। पैदल यात्रियों के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। पदयात्रा का समापन सूंठड़ा स्थित श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगम्बर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र में हुआ।
यहाँ प्रिंस शास्त्री देवांश के निर्देशन में सर्वप्रथम मंगलाष्टक का पाठ किया गया, तत्पश्चात देवाधिदेव मूलनायक मुनिसुव्रतनाथ भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा कर श्रद्धालुओं ने आस्था व्यक्त की। अभिषेक और शांतिधारा के बाद सभी श्रद्धालुओं ने वात्सल्य भोज ग्रहण किया।
शाम को साढ़े 6 बजे भक्तामर दीपर्चना का आयोजन रविवार भक्तामर मंडल अलीगढ़ द्वारा सानंद संपन्न किया गया। धार्मिक उत्साह, अनुशासन और भक्ति भाव से पूर्ण यह पदयात्रा क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी रही।















































