लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोकेशन – जोधपुर, राजस्थान
रिपोर्टर – बृजकिशोर पारीक
वाल्मीकि समाज ने कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
जोधपुर में एक पीड़ादायक घटना सामने आई है, जिसमें एक मंदबुद्धि लड़की के साथ एक व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ और आपत्तिजनक हरकत करने का प्रयास किए जाने का मामला उजागर हुआ है। यह घटना 28 अक्टूबर की बताई जा रही है, जब लड़की अपनी दादी के साथ राशन की दुकान पर गई थी। इसी दौरान आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपनी दुकान में ले गया और उसके साथ गलत हरकत की कोशिश की। लड़की के रोते हुए बाहर आने और दादी को घटना बताने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया।
संस्था ने दिलाई पीड़िता को न्याय की आवाज
मेरी भावनाएं नामक सेवा संस्था इस पूरे मामले में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हुई। संस्था के प्रतिनिधि पवन मिश्रा ने बताया कि संस्था के प्रयासों से मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। लेकिन आरोपी को धारा 151 के तहत छोड़ दिए जाने पर वाल्मीकि समाज और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया।
कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
वाल्मीकि समाज और संस्था के सदस्यों ने कमिश्नर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और आरोपी पर सख्त कार्रवाई तथा कठोर सजा दिलाने की मांग की। कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि आरोपी को किसी भी स्थिति में छोड़ा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सेवा संस्था के सदस्य लगातार पीड़ित परिवार के साथ बने हुए हैं और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।











































