लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उत्पन्ना एकादशी के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालु महिलाओं ने विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। सुबह महिलाएं राम रघुनाथ मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने सीढ़ियाँ धोकर दीपक जलाए, पुष्प अर्पित किए और ढोक लगाकर भगवान के दर्शन किए।
महिलाओं ने बड़ी श्रद्धा से भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की और 108 परिक्रमा लगाई। मंदिर पुजारी ने उपस्थित भक्तों को उत्पन्ना एकादशी की कथा सुनाई।
श्रद्धालु रमेश जांगिड़ ने बताया कि जो भक्त भविष्य में एकादशी व्रत आरंभ करना चाहते हैं, उनके लिए उत्पन्ना एकादशी से व्रत की शुरुआत सर्वश्रेष्ठ मानी जाती है। यह व्रत पापों का नाश करने वाला और सुख-समृद्धि, शांति व मोक्ष प्रदान करने वाला माना गया है।
चारभुजानाथ मंदिर, राम रघुनाथ मंदिर, सीताराम मंदिर और सत्यनारायण मंदिर में दिनभर भक्तों की भीड़ रही। शाम को विशेष आरती की गई, जिसके बाद भक्तों ने फलाहार कर व्रत पूरा किया।

















































