लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में गंगा, यमुना, नर्मदा और गोदावरी — ये चार यूनिटी मार्च निकाली जाएँगी। इन यात्राओं का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को जन-जन तक पहुँचाना है।
गोठवाल ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प के साथ भारत को एक सूत्र में पिरोया, उसी भावना को आधार बनाकर सरदार पटेल 150वीं यूनिटी मार्च का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता तथा सरकार मिलकर इसे एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप देंगे। 
गंगा प्रवाह नई दिल्ली से होगी आरंभ
राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा 22 नवंबर को नई दिल्ली से गंगा प्रवाह को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह प्रवाह दिल्ली से अलवर होते हुए कोटा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर के मार्ग से गुजरकर गुजरात के केवड़िया पहुँचेगी।
राजस्थान में गंगा प्रवाह के संयोजक नरेंद्र पिलानिया, सह-संयोजक घनश्याम गौतम और अरुण प्रधान रहेंगे।
अन्य यात्राओं का रूट
-
यमुना प्रवाह – जयपुर से 26 नवंबर को शुरू होगी। इसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और महामंत्री जितेंद्र गोठवाल हरी झंडी दिखाएंगे। यह यात्रा पुष्कर, जैतारण, जोधपुर, पाली, माउंट आबू होते हुए गुजरात पहुँचेगी।
-
नर्मदा प्रवाह – नागपुर से रवाना होगी।
-
गोदावरी प्रवाह – मुंबई से शुरू होकर कई राज्यों से गुजरेगी।
सभी प्रवाह यात्राएँ अंत में गुजरात के केवड़िया (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी) में एकत्र होंगी, जहाँ एक सांकेतिक समापन समारोह आयोजित होगा।
प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में होगी पदयात्रा
गोठवाल ने बताया कि यह केंद्रीय स्तर पर आयोजित सरकारी कार्यक्रम है, जिसमें भाजपा पूर्ण सहयोग करेगी। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में 8–10 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी। जहाँ लोकसभा सांसद नहीं हैं, वहाँ राज्यसभा सांसदों को दायित्व सौंपा गया है।
उन्होंने कहा कि यूनिटी मार्च का उद्देश्य “देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और दृढ़ करना” है।
















































