लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर। जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने कहा कि मतदाता सूचियों का विशेष गहन निरीक्षण (एसआईआर) एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसमें लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में जुड़ने से वंचित न रहे।
लोक बन्धु ने कहा कि गणना प्रपत्र वितरण और मैपिंग कार्य को गति दी जाए। साथ ही अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत मतदाताओं का डेटा भी सटीक रूप से तैयार किया जाए। उन्होंने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में स्वीप (SVEEP) गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि आमजन में जागरूकता फैलाई जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और वॉलंटियर्स को दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अजमेर उत्तर, दक्षिण, किशनगढ़, केकड़ी, पुष्कर और नसीराबाद विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई। उन्हें कहा गया कि कार्य को योजनाबद्ध ढंग से करें, ताकि तय समय सीमा में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जा सके।
लोक बन्धु ने यह भी कहा कि प्रत्येक बीएलओ और उनके सहायक वॉलंटियर्स टीम भावना के साथ कार्य करें और निर्धारित अवधि में मैपिंग एवं ईएफ (EF) वितरण का कार्य पूर्ण करें। उन्होंने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष फोकस के साथ आईईसी गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित सभी बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई—जैसे कि प्रगति रिपोर्ट, मैपिंग की स्थिति, वॉलंटियर्स की सक्रियता, हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली, नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए स्वयंसेवकों की स्थिति, कम प्रगति वाले बीएलओ की सूची, और बीएलए की भूमिका।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति ककवानी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।















































