लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
बीएलओ घर-घर पहुंचकर वितरित कर रहे परिगणना प्रपत्र, मतदाता सूची को बनाया जाएगा अद्यतन और त्रुटिरहित
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया 4 नवम्बर से शुरू हो गई है। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ (बूथ स्तर अधिकारी) घर-घर जाकर परिगणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरित कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर लोकबंधु ने अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाताओं को विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी विस्तार से दें, ताकि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक छूटे नहीं और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न रहे।
परिगणना प्रक्रिया के मुख्य बिंदु:
-
वर्ष 2002 की मतदाता सूचियों के आधार पर निर्वाचक मैपिंग की जा रही है।
-
प्रत्येक मतदाता के लिए ईएफ (Enumeration Form) तैयार किया गया है, जिसमें नाम, पता, विधानसभा क्षेत्र, भाग संख्या आदि विवरण पहले से मुद्रित होंगे।
-
मतदाताओं को अपनी नई रंगीन फोटो फॉर्म पर चिपकानी होगी।
-
बीएलओ हर मतदाता के घर तीन बार जाएंगे, फॉर्म भरने में सहायता करेंगे।
-
मतदाता चाहें तो यह कार्य ऑनलाइन भी कर सकते हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट
https://election.rajasthan.gov.in
पर जिलेवार मतदाता सूचियां उपलब्ध हैं। वहीं भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट
https://voters.eci.gov.in
पर वर्ष 2002 की पुरानी सूचियों का डाटा भी देखा जा सकता है।
महत्वपूर्ण तिथियां:
-
4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 — घर-घर परिगणना प्रपत्र वितरण व संग्रहण
-
9 दिसम्बर 2025 — ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन
-
9 दिसम्बर 2025 से 9 जनवरी 2026 — दावे एवं आपत्तियाँ
-
9 दिसम्बर से 31 जनवरी 2026 — नोटिस फेज व सत्यापन
-
7 फरवरी 2026 — अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ और सुपरवाइजर को निर्देश दिए कि वे 40 वर्ष से अधिक और 40 वर्ष से कम उम्र के मतदाताओं की मैपिंग की समीक्षा करें और शेष रह गए मतदाताओं का पता लगाएं। उन्होंने कहा कि बीएलओ ऐप पर भरे गए सभी प्रपत्रों का प्रमाणन सुनिश्चित करें और छूटे हुए मतदाताओं की घर-घर जाकर जानकारी प्राप्त करें।



















































