लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सत्यनारायण सेन, गुरला (भीलवाड़ा):
गुरला क्षेत्र के कोचरिया गांव में शनिवार को खेत पर एक विशाल अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जानकारी मिलने पर वन विभाग और वाइल्डलाइफ एंड स्ट्रीट एनिमल रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब 15 फीट लंबे व लगभग 60 किलो वजनी अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।
कोचरिया निवासी कूका राम कुमावत के खेत में यह अजगर एक खाखरे के पेड़ पर चढ़ा हुआ मिला। अजगर काफी गुस्सैल और आक्रामक था, जिसे काबू में करने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
रेस्क्यू टीम में नारायण लाल बैरवा, इरफान कुरेशी, संजय माली और चालक हरिराम विश्नोई शामिल थे। ग्रामीणों की सहायता के लिए कोचरिया गांव से रतन लाल कुमावत, कूका राम और अन्य ग्रामवासी भी मौजूद रहे।
रेस्क्यू के बाद अजगर को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अजगर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजाति है, और इस तरह के रेस्क्यू अभियान नियमित रूप से वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए किए जाते हैं।














































