लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया): राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम बन रहे हैं। कोटा जिले की रामगंजमंडी तहसील में आयोजित शिविरों में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने खुद उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का समाधान किया।
शिविर के दौरान ग्राम पंचायत मदनपुरा एवं हथियाखेड़ी के ग्रामीणों ने अपने मुद्दे मंत्री के सामने रखे। सुल्तान नाथ, पुत्र समुद्र नाथ, निवासी बुधखान ने बताया कि उनके पास गणेशपुरा गांव में 10 बीघा जमीन है, जिस पर चोसला गांव निवासी कंवरलाल ने पंद्रह साल से कब्जा कर रखा है। उन्होंने बताया कि जमीन पर बोई सरसों को कंवरलाल के भाई जमना लाल ने जबरन काट लिया और विरोध करने पर उनकी पत्नी कन्या बाई के साथ मारपीट की।
इस पर मंत्री मदन दिलावर ने तत्काल उपखंड अधिकारी रामगंजमंडी चारु को निर्देश दिए कि सुल्तान नाथ की जमीन कब्जा मुक्त कराकर उसे सौंप दी जाए।
इसके अलावा, ग्राम पंचायत मदनपुरा के निवासी बालचंद, भूपेंद्र, भगवान सिंह, कमलेश धाकड़, लक्ष्मी नारायण समेत अन्य ग्रामीणों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मदनपुरा में प्रार्थना स्थल पर टीन शेड लगाने का अनुरोध किया। मंत्री ने अपने विधायक कोष से 5 लाख रुपए राशि प्रदान की।















































