- Advertisement -
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 17 सितम्बर को करेंगे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का शुभारम्भ
आमजन को एक ही छत के नीचे मिलेंगी त्वरित सेवाएं, प्रकरणों का होगा शीघ्र निस्तारण
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस (17 सितम्बर) के अवसर पर राजस्थान में बड़े पैमाने पर जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आगाज़ होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर से प्रदेशव्यापी ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का शुभारम्भ करेंगे। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को त्वरित सुविधाएं मिलेंगी और उनके लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री शर्मा मालवीय नगर सामुदायिक केंद्र से शहरी सेवा शिविर तथा बस्सी से ग्रामीण सेवा शिविर की शुरुआत करेंगे।
17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेंगे शहरी सेवा शिविर
राज्य सरकार एक माह तक इन शिविरों के जरिए नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाएगी। नगरीय विकास एवं आवासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, शिविरों में बकाया लीज राशि वर्ष 2025-26 तक एकमुश्त जमा कराने पर ब्याज में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। इसके साथ ही अन्य आकर्षक रियायतें भी उपलब्ध होंगी।
शिविरों में जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीकरण, फायर एन.ओ.सी., ट्रेड लाइसेंस, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, नामांतरण एवं हस्तांतरण जैसे कार्य मौके पर ही निपटाए जाएंगे। सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था सुधार, नालियों और सीवर की मरम्मत जैसे कार्यों पर भी विशेष ध्यान रहेगा।
ग्रामीण सेवा शिविरों में योजनाओं का लाभ गाँव-गाँव तक
ग्रामीण सेवा शिविर प्रत्येक पंचायत समिति में गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को दो ग्राम पंचायतों में आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान के दौरान:
भूमि संबंधी प्रकरणों (विभाजन, नोटिस तामील, नामांतरण आदि) का निस्तारण
स्वामित्व योजना के तहत पट्टा वितरण
बीपीएल परिवारों का सर्वे
किसान ऐप से गिरदावरी
स्वास्थ्य शिविर, पशुओं का इलाज एवं टीकाकरण
बीज मिनी किट वितरण, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण
मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र, फार्मर रजिस्ट्री का निस्तारण
जनहानि, पशुहानि व मकान नुकसान पर राहत राशि हेतु आवेदन
शिविरों से अंत्योदय की संकल्पना को धरातल पर उतारते हुए राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
- Advertisement -











































