लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
वोलकम चौराहे पर धमाके के बाद मची अफरा-तफरी
सिरोही। पिंडवाड़ा नगर के वोलकम चौराहे पर शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। चलती गाड़ी में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते वाहन लपटों से घिर गया। हादसे में गाड़ी में सवार एक महिला झुलस गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी से धुआं उठने के बाद जैसे ही डिक्की खोली गई, जोरदार धमाका हुआ और आग भड़क उठी। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। गनीमत रही कि अन्य वाहन और राहगीर इसकी चपेट में नहीं आए।
स्थानीय लोग और भाजपा नेता शिवलाल गहलोत तुरंत मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए घायल महिला को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पिंडवाड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायल महिला को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव को आग लगने का कारण माना जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और वाहन मालिक से पूछताछ जारी है। गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


















































