सेवा गांव से सुरक्षित निकाला परिवार
सेवा गांव में सड़कें और खेत जलमग्न, पावर हाउस के पास सड़क धंसने का खतरा।
-
एसडीआरएफ ने बाढ़ में फंसे परिवार को सुरक्षित निकाला।
-
उपखंड अधिकारी बलबीर सिंह और RAS बल लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
-
प्रशासन ने ग्रामीणों के लिए भोजन, पेयजल और अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
डब्लू गोस्वामी ब्यूरोचीफ दूदू
जयपुर (दूदू) – जिला जयपुर के मौजमाबाद उपखंड के सेवा गांव में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बरसात के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं और खेत पानी में डूब गए हैं। सेवा पावर हाउस के सामने सड़क का एक हिस्सा धंस चुका है और यह कभी भी पूरी तरह ध्वस्त हो सकता है। वहीं दूदू-मालपुरा रोड और श्मशान घाट के पास नाले का पानी लगातार बह रहा है, जिससे अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीआरएफ की टीम बनी मसीहा
इस मुश्किल घड़ी में एसडीआरएफ की टीम ने मसीहा का रोल निभाते हुए बाढ़ में फंसे एक परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घरों के बाहर न निकलने की सलाह दी है और आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश जारी किए हैं। उपखंड अधिकारी बलबीर सिंह और RAS बल लगातार क्षेत्र की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और आपात स्थिति से निपटने के लिए कार्ययोजना को मूर्त रूप देने में लगे हैं।
राहत सामग्री पहुंचाने का भी इंतजाम किया
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी राहत सामग्री पहुंचाने का भी इंतजाम किया है। ग्रामीणों के लिए भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय लोग प्रशासन और एसडीआरएफ की इस तत्परता से राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन बारिश के चलते हालात अभी भी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।
स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि आने वाले दिनों में मौसम पर नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर और बचाव दलों को तैनात किया जाएगा। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और बाढ़ से जुड़े किसी भी खतरे की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।














































