लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर के आराध्य देव के दर्शनों के लिए अलसुबह से पहुंच रहे श्रद्धालु, मंदिर में विशेष दर्शन और सुरक्षा व्यवस्था
जयपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को जयपुर के आराध्य देव श्री गोविंद देवजी महाराज के मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में विशेष सजावट और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। अलसुबह मंगला झांकी के साथ जन्माष्टमी महोत्सव की शुरुआत हुई।
गोविंद देवजी मंदिर में भगवान के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते नजर आए। जन्माष्टमी के चलते मंदिर में दिनभर विशेष झांकियों और पूजा-अर्चना का आयोजन होगा।
रात 12 बजे होगा भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव
जन्माष्टमी के अवसर पर रात 12 बजे तिथि पूजा एवं अभिषेक का विशेष आयोजन किया जाएगा। इससे पहले दिनभर अलग-अलग समय पर भगवान गोविंद देवजी की विशेष झांकियों के दर्शन श्रद्धालुओं को होंगे।
मंदिर की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मंगला झांकी के बाद धूप, श्रृंगार और राजभोग के दर्शन होंगे। शाम को ग्वाल झांकी और संध्या आरती के बाद रात में शयन दर्शन होंगे। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष पूजा-अभिषेक किया जाएगा।
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम
जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए निर्धारित व्यवस्था लागू की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे भीड़ को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें और निर्धारित मार्गों एवं व्यवस्थाओं का पालन करें।
कल निकलेगी नन्दोत्सव की शोभायात्रा
जन्माष्टमी के अगले दिन शनिवार को गोविंद देवजी मंदिर में नन्दोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।















































