लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा
राजसमन्द। श्रावण मास के मनोरथ के तहत क्षेत्र में खुशहाली और अच्छी बारिश की कामना को लेकर पीपली आचार्यान गांव के पूर्बिया मोहल्ला स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में आयोजित एक दिवसीय अखंड रामधुन का मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ समापन हुआ।
पूर्बिया समाज एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक आयोजन में पंडित दिनेश त्रिपाठी के सान्निध्य में जप, तप और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। रामधुन के दौरान रातभर आसपास के विभिन्न गांवों से पहुंची भजन मंडलियों ने बारी-बारी से ‘रघुपति राघव राजा राम’ की मधुर धुन पर भजनों की प्रस्तुति दी।
भजनों और संकीर्तन से मंदिर परिसर पूरी रात भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए और भगवान के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
रामधुन के समापन पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से हवन में आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं अच्छी वर्षा की कामना की। इसके पश्चात पशुपतिनाथ महादेव की विशेष आरती का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाया।




















































