लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भारतीय किसान संघ ने खोला मोर्चा
गंगधार (झालावाड़)। किसानों को मुआवजा एवं फसल बीमा क्लेम की राशि में कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसानों ने मंगलवार से उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पात्र किसानों के खातों में लंबित राशि जारी करने की मांग की है।
धरने पर बैठे किसानों का आरोप है कि क्षेत्र के कई किसानों को अब तक फसल नुकसान का मुआवजा और बीमा क्लेम नहीं मिला है। वहीं, कुछ किसानों के खातों में राशि जमा हो चुकी है, जिससे भुगतान प्रक्रिया में विसंगतियों और भेदभाव की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि पात्र होने के बावजूद अनेक किसान आज भी अपने अधिकार से वंचित हैं।
भारतीय किसान संघ से जुड़े किसान बबलू सिंह ने कहा कि किसानों के साथ हो रही इस विसंगति का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से पारदर्शी जांच कर सभी पात्र किसानों को शीघ्र मुआवजा और बीमा क्लेम राशि उपलब्ध कराने की मांग की।
धरना दे रहे किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रत्येक पात्र किसान को उसका हक नहीं मिल जाता, तब तक एसडीएम कार्यालय के सामने उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। किसानों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर भुगतान प्रक्रिया में आ रही खामियों को दूर करने की मांग की है।














































