लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मानसून को लेकर सुरक्षा व्यवस्था परखी
उनियारा (दुर्योधन मयंक)।
मानसून के दौरान संभावित भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए बांध सुरक्षा इकाई, जयपुर के मुख्य अभियंता एवं उच्चस्तरीय अधिकारियों की टीम ने रविवार को क्षेत्र के प्रमुख गलवा बांध का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बांध की संरचनात्मक मजबूती, जल निकासी व्यवस्था और आपदा प्रबंधन तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण दल में मुख्य अभियंता अजय कुमार त्यागी के साथ वरिष्ठ अधिकारी जगदीश कोली एवं भूपारिया शामिल रहे। अधिकारियों ने बांध की पाल, मुख्य दीवार, सुरक्षा ढांचे और अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं का तकनीकी निरीक्षण किया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में जल निकासी के लिए मोरी संचालन प्रणाली की कार्यक्षमता का भी परीक्षण किया।
मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहे तथा बांध के जलस्तर की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जलभराव एवं बहाव क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवरोध या अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए।
आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्य अभियंता ने डूब क्षेत्र एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में चेतावनी बोर्ड लगाने और आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद बांध सुरक्षा इकाई ने गलवा बांध की संरचना को सुरक्षित बताया तथा स्थानीय अधिकारियों को मानसून अवधि के दौरान जलस्तर एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की नियमित रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए।
इस दौरान सहायक अभियंता राजेश कुमार गुर्जर और कनिष्ठ अभियंता गजानंद गुर्जर ने निरीक्षण दल को बांध की तकनीकी स्थिति, भौगोलिक परिस्थितियों और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई।












































