लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बच्चों ने देशभक्ति गीतों से दी श्रद्धांजलि
सीकर | कारगिल युद्ध के वीर शहीद गणपत सिंह ढाका की 27वीं पुण्यतिथि सोमवार को उनके पैतृक गांव सिहोट छोटी में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। शहीद स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों ने शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शहीद गणपत सिंह ढाका राजकीय माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य ऋचा गौड़ ने की। इस अवसर पर गांव के सरपंच झाबर सिंह ओला, शहीद वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष रामदेवाराम बिजारणियां, जयप्रकाश ऋषिका सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह में शहीद की वीरांगना मंजू देवी का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। बच्चों ने अपने गीतों और प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल के वीर सपूत को सैल्यूट करते हुए उनकी शहादत को नमन किया।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने शहीद गणपत सिंह ढाका के अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। ग्रामीणों और पूर्व सैनिकों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान शहीद स्मारक एवं विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सुरेन्द्र सिंह ढाका, कैप्टन चुन्नीलाल नेहरा, जोधराज नेहरा, शिव प्रसाद ढाका, महावीर प्रसाद सुंडा, रिछपाल ढाका, मास्टर रामचंद्र नेहरा, महेश ढाका, ग्राम सेवक बाबूलाल धाभाई, नरेन्द्र सिंह ढाका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।














































