लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
25 मेधावियों का हुआ सम्मान
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा— एम्स जोधपुर देश के शीर्ष चिकित्सा संस्थानों में शामिल; डॉ. अनिरुद्ध बत्रा ने जीते रिकॉर्ड 19 गोल्ड मेडल
जोधपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर का 5वाँ दीक्षांत समारोह रविवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने विभिन्न पाठ्यक्रमों के 1189 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 25 मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक एवं अन्य सम्मान से नवाजा।
इस अवसर पर एम्स जोधपुर के कार्यकारी निदेशक डॉ. गोवर्धन दत्त पुरी एवं संस्थान के अध्यक्ष डॉ. तेजस मधुसूदन पटेल ने नवस्नातक डॉक्टरों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा केवल पेशा नहीं बल्कि सेवा का माध्यम है। उन्होंने युवा चिकित्सकों से मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, समर्पण और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह के बाद केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने एम्स जोधपुर की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान आज देश के शीर्ष 10 चिकित्सा संस्थानों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि एम्स जोधपुर चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है।
डॉ. अनिरुद्ध बत्रा की ऐतिहासिक उपलब्धि
दीक्षांत समारोह में डॉ. अनिरुद्ध बत्रा आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने एमबीबीएस में रिकॉर्ड 19 गोल्ड मेडल, प्रेसिडेंट्स मेडल और सर्वश्रेष्ठ इंटर्न का सम्मान प्राप्त किया। उन्होंने INI-CET परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-14 हासिल की थी और वर्तमान में पीजीआई चंडीगढ़ से एमडी की पढ़ाई कर रहे हैं।
डॉ. पृथ्वी नामदेव खोटेगार को जनरल सर्जरी में गोल्ड मेडल
समारोह में डॉ. पृथ्वी नामदेव खोटेगार को जनरल सर्जरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। वह आगे सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल कर कैंसर सर्जरी में योगदान देना चाहती हैं।















































