लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीपलू (टोंक)। कुरेडी से कुरेडा जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे और सड़क तक फैली बबूल की झाड़ियां राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई हैं। झाड़ियों के कारण सड़क संकरी हो गई है और वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित होने से दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
यह मार्ग कुरेडी, पसंरोटिया सहित आसपास के कई गांवों को उपखंड मुख्यालय पीपलू और जिला मुख्यालय टोंक से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन, स्कूली छात्र-छात्राएं, किसान तथा अन्य ग्रामीण इसी सड़क से आवागमन करते हैं।
स्थानीय निवासी नरेश मीणा ने बताया कि सड़क के दोनों ओर फैली बबूल की झाड़ियों के कारण सामने से बड़े वाहन आने पर स्कूली बच्चों को बचने के लिए झाड़ियों के बीच तक जाना पड़ता है। इस दौरान झाड़ियों के कांटे उनके कपड़ों और शरीर में चुभ जाते हैं, जिससे चोट लगने का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि यदि इसी समय तेज रफ्तार वाहन गुजर जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के मौसम में झाड़ियों का फैलाव और बढ़ गया है, जिससे सड़क और अधिक संकरी दिखाई देने लगी है तथा वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क किनारे उगी बबूल की झाड़ियों की शीघ्र कटाई कर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की है।



















































